Monday, March 7, 2011

चीन 2030 तक चांद पर भेजेगा इंसान


चीन वर्ष 2030 तक चांद पर मनुष्य को भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वैज्ञानिकों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। चीन ने पहली बार दो महिला अंतरिक्ष यात्रियों को भी प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया है। चीन की महत्वाकांक्षी परियोजना से जुड़े वैज्ञानिक ने इसे शांतिपूर्ण बताया है, न कि धमकीभरा। समाचार-पत्र चाइना डेली ने चाइना अकेडमी ऑफ स्पेस टेक्नोलॉजी में अंतरिक्ष खोज से जुड़े मुख्य वैज्ञानिक ये पीजियान के हवाले से लिखा है कि अमेरिका और रूस के मुकाबले चीन का अंतरिक्ष तकनीक अब भी बहुत पीछे है। चांद पर खोज के लिए चीन ने तीन चरणों में अपनी योजना बनाई है। पहले चरण के तहत पिछले साल अक्टूबर में चेंज-2 नामक उपग्रह छोड़ा गया था। दूसरे चरण के तहत 2013 में चेंज-3 चांद पर उतरेगा, जबकि अंतिम चरण के तहत 2017 में चांद के चट्टानों के नमूने धरती पर भेजे जाएंगे। चाइना मैन्ड स्पेस इंजीनियरिंग ऑफिस के प्रवक्ता ने बताया कि चीन 2011 में तियांगोंग-1 नामक अंतरिक्ष मॉड्यूल भी लांच करेगा। 2012 में दो इंसानी अंतरिक्ष यान तियांगोंग-1 के साथ रवाना होंगे। अधिकारियों के अनुसार अंतरिक्ष स्टेशन 10 साल के लिए होगा और इस दौरान दो या तीन अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा इसकी देखरेख की जाएगी।


No comments:

Post a Comment