Sunday, January 30, 2011

डीआरडीओ, इसरो से हटी पाबंदी


भारत के साथ उच्च तकनीक व्यापार मजबूत करने को अमेरिका ने उठाया कदम

भारतीय अंतरिक्ष एवं रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए मंगलवार खुशियां लेकर आया। अमेरिका ने इसरो और डीआरडीओ समेत नौ भारतीय कंपनियों पर लगे प्रतिबंधों को हटा लिया है। भारत के साथ उच्च तकनीक व्यापार और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अमेरिका ने यह कदम उठाया है। पोकरण में 1998 के परमाणु परीक्षणों के बाद अमेरिका ने इन भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
भारत काफी समय से यह प्रतिबंध हटाने की मांग कर रहा था। नवंबर में भारत यात्रा पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ वार्ता में निर्यात नियंत्रण नीति में बदलाव की घोषणा की थी। अमेरिका के इस कदम को इन्हीं प्रयासों का नतीजा बताया जा रहा है। अमेरिका के वाणिज्य मंत्री गैरी लॉक फरवरी में भारत यात्रा पर आने वाले हैं। इन प्रतिबंधों के हटने के बाद उम्मीद लगाई जा रही है कि उनकी यात्रा के दौरान कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकेंगी। लॉक के साथ एक उच्च स्तरीय व्यापार वार्ता प्रतिनिधिमंडल भी आने वाला है, जो कि बंगलूरू और मुंबई का भी दौरा करेगा।
अधिसूचना जारी होने के बाद लॉक ने कहा कि इस कदम से भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। साथ ही निर्यात नियंत्रण सुधारों की भी शुरुआत होगी। प्रतिबंध हटने के बाद भारत के साथ उच्च तकनीकी व्यापार और सहयोग किया जा सकेगा। जिन कंपनियों पर से प्रतिबंध हटाए गए हैं उनमें भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल), डीआरडीओ से जुड़ी चार कंपनियां और इसरो की चार कंपनियां शामिल हैं।
एजेंसी
डीआरडीओ से जुड़ी कंपनियों में आर्मामेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट इस्टेबलिशमेंट (एआरडीई), डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लैब (डीआरडीएल), मिसाइल रिसर्च एंड डेवलपमेंट कांप्लेक्स (एमआरडीसी) शामिल हैं। वहीं इसरो से जुड़ी चार कंपनियों में सॉलिड स्टेट फिजिक्स लैब, एसपीआरओबी, श्रीहरिकोटा स्पेस सेंटर (एसएचएआर) और विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर शामिल हैं। अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने बताया कि अब इन कंपनियों को व्यापार करने के लिए विशेष लाइसेंस की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही भारत निर्यात प्रबंधन नियमों (ईएआर) द्वारा प्रतिबंधित किए गए देशों की सूची से भी बाहर हो गया है। इसके अलावा भारत ईएआर के मिसाइल तकनीक नियंत्रण व्यवस्था (एमटीसीआर) देशों में भी शामिल हो जाएगा। ओबामा ने भारत यात्रा के दौरान कहा था कि नई दिल्ली के परमाणु अप्रसार रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए इन प्रतिबंधों को खत्म किया जाएगा।



No comments:

Post a Comment